पुलिस जिला नवगछिया के पकरा इलाके में शुक्रवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय कन्हैया राय के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय गिरो राय के पुत्र और पेशे से वाहन चालक थे।
मृतक की पत्नी जासो देवी ने गांव के ही अरविंद राय, सुशील राय और शंकर राय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे तीनों आरोपी उनके घर पहुंचे और कन्हैया राय को अपने साथ बुलाकर ले गए। इसके कुछ देर बाद उनकी हत्या कर दी गई।
परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद शव को घर के समीप एक स्कूल के पास फेंक दिया गया और घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए Jawaharlal Nehru Medical College and Hospital भेज दिया। वहीं, नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नवगछिया थाना अध्यक्ष Ravi Shankar Singh ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कन्हैया राय अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं।
