सीसीटीवी फुटेज आया सामने: नगर परिषद कार्यालय में ईओ की गोली मारकर हत्या, सभापति गंभीर

भागलपुर: शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिखे जब नगर परिषद कार्यालय के अंदर घुसकर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सभापति राज कुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि अपराधी सीधे कार्यालय में दाखिल हुए और निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आ चुका है। फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है।

घायल सभापति को तत्काल स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नगर परिषद कार्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....