नवगछिया : उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने बुधवार को जगतपुर झील का दौरा कर वहां पर्यटन स्थल के रूप में किए जा रहे विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। यह पहल झील को एक आकर्षक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में की जा रही है।
Total Downloads: 167
निरीक्षण के दौरान नवगछिया के एसडीएम ऋतुराज प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। डीडीसी ने स्थल पर चल रहे सौंदर्यीकरण, पथ निर्माण, जल संरक्षण, बुनियादी सुविधाओं के सृजन एवं अन्य अवस्थापना विकास कार्यों का जायज़ा लिया। डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए।
ताकि आगामी दिनों में यह स्थल न केवल स्थानीय लोगों के लिए पर्यटन एवं रोजगार का स्रोत बने, बल्कि बाहरी पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र हो। उन्होंने यह भी कहा कि झील के आसपास स्वच्छता, हरित क्षेत्र का विस्तार एवं स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों के समावेश से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जोड़ने एवं उन्हें रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान करने की योजना भी प्रशासन के स्तर पर विचाराधीन है।

