नवगछिया : सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में शराब लदा चारपहिया वाहन पलट गया। इस हादसे में चालक की मौत हो गई। हादसा एनएच-31 पर नारायणपुर के बीरबन्ना चौक के पास शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे की है।

स्थानीय लोगों ने सुबह 8 बजे घटना की सूचना भवानीपुर थाने की पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम पहुंची और वाहन की तलाशी ली तो 86 लीटर विदेशी शराब मिली। पास ही गड्ढे में चालक का शव उपला रहा था। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने चालक को पानी से बाहर निकलवाया। फिर उसे नारायणपुर सीएचसी ले गई। लेकिन, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ड्यूटी पर तैनात डॉ. रानी कुमार ने बताया कि शव देखने से प्रतीत हो रहा है कि पानी में डूबने से करीब 5 घंटे पहले युवक की मौत हुई है।

मृतक की पहचान खगड़िया जिला के चौथम थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव निवासी अमन कुमार (25), पुत्र कमल किशोर साह के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। कुछ देर बाद परिजन पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभू प्रसाद ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।

बिहपुर में दोस्त से मिलने की बात कह घर से निकला था अमन मृतक अमन कुमार के परिजनों ने बताया कि वह सुबह करीब 4 बजे घर से यह कहकर निकला था कि बिहपुर में दोस्त से मिलने जा रहा है। वह तैरना नहीं जानता था। दो भाई और एक बहन में वह सबसे बड़ा था। ​परिजनों के मुताबिक, अमन कैमरा मैन का काम करता था। नवंबर में उसकी बहन की शादी होने वाली है। घटनास्थल के पास सड़क किनारे रेलिंग क्षतिग्रस्त है। 10-12 मीटर की दूरी पर पानी भरे गड्ढे में अमन का शव लोगों ने देखा। पुलिस को आशंका है कि वाहन पर सवार शराब तस्कर हादसे के बाद भाग गए होंगे। बीरबन्ना चौक पर पुलिस गश्ती दल तैनात रहता है। गश्ती दल की गाड़ी की रोशनी देख वाहन चालक घबरा गया होगा और गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। चालक डिवाइडर के नीचे ढलान पर लुढ़कने से पानी भरे गड्डा में गिर गया होगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....