नवगछिया : अपराधियों और चोर लुटेरों से आम लोगों को सुरक्षा प्रदान करने वाले पुलिस वाले ही सुरक्षित नहीं हैं। नवगछिया एसडीपीओ कार्यालय के रीडर दारोगा जयशंकर भट्ट के किराए के मकान में भीषण चोरी हो गई है। घटना को लेकर उन्होंने नवगछिया थाना में केस दर्ज कराया है। गोपालपुर के गोसाईं गांव में रुद्रमणी झा के मकान में वे किराए पर रहते हैं।
दारोगा ने थाने में दिए आवेदन में बताया है कि अपनी चाची के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए वे परिवार के साथ आरा के शाहपुर स्थित गौडाढ़ गांव में अपने पुश्तैनी घर गए थे। तीन अगस्त को गए थे और पांच अगस्त को मकान मालिक ने कॉल कर बताया कि चोर ने मुख्य गेट के ग्रिल में लगे ताला को तोड़कर चोरी कर ली है।
उन्होंने गोपालपुर सिंधिया मकंदपुर के रहने वाले अमित कुमार और अंकित कुमार एवं अन्य पर चोरी का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। आभूषण और नगदी उड़ा ले गए चोर एसडीपीओ के रीडर के किराए के मकान से चोर महंगे आभूषण और नगदी उड़ा ले गए हैं। थाना में दिए आवेदन में दारोगा ने बताया है कि मकान मालिक की सूचना के बाद वे छह अगस्त को लौटकर आए। आने के बाद देखा कि मकान में सारा सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था। चेक करने पर पता चला कि बक्से में रखा सोने का लॉकेट, सोने की चेन, सोने की अंगूठी और 45 हजार रुपये नगद चोरी हो गई है।

उसके बाद देखा कि दीवान पलंग में रखा उनकी पत्नी का सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठी और अन्य सामान गायब है। उनका यह भी कहना है कि उनके बगल के फ्लैट में किराए पर रहने वाले प्रिंस कुमार के फ्लैट के दरवाजे का ताला तोड़कर वहां से पांच सौर रुपये की चोरी हो गई है। यह आश्चर्यजनक है कि फ्लैट का ताला तोड़कर प्रिंस के मकान से सिर्फ पांच सौ रुपये की ही चोरी की गई। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की बात कही दारोगा जयशंकर भट्ट ने बताया है कि घटना के बाद मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया।
उससे पता चला कि चार अगस्त की देर रात आसाम रोड की तरफ से मकान की तरफ हाफ पैंट पहना हुआ एक शख्स आता दिख रहा है। उसके पीछे एक और शख्स आया। फुटेज में आए दोनों लोगों की पहचान स्थानीय लोगों से कराई गई तो पता चला कि वे दोनों सिंधिया मकनपुर के रहने वाले हैं। जांच में यह भी पता चला है कि दारोगा के बगल में रहने वाले व्यक्ति के दोनों आरोपी दोस्त हैं। उन सभी के बारे में बताया गया है कि वे सभी नशेड़ी हैं। नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि कांड के आरोपी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं इसकी जानकारी वे थानेदार से लेंगे।

