नवगछिया : रविवार को कुरसेला सेतु पर सड़क मरम्मत के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। रंगरा से नवगछिया के जीरोमाइल तक लगभग 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हुआ। सुबह से शुरू हुआ यह जाम शाम तक रहा और सड़कों पर गाड़ियों की तीन-तीन कतारें लग गईं। नवगछिया से भागलपुर जाने वाले मार्ग पर भी जाम का असर पड़ा, जिससे भागलपुर से पूर्णिया और कटिहार जाने वाली कई गाड़ियां घंटों तक फंसी रहीं।

Whatsapp group Join

इस जाम में ट्रक, बसें, जीपें, निजी कारें, ऑटो और दोपहिया वाहन शामिल थे। स्थिति गंभीर थी, एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसमें एक गंभीर मरीज को ले जाया जा रहा था। मरीज के परिजन राहगीरों से मदद मांगते रहे, लेकिन भीड़ के कारण कोई रास्ता नहीं निकल सका। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी मुश्किलें आईं। कई यात्री गर्मी से परेशान होकर पैदल रास्ता पार करते दिखे। कुछ लोगों ने वैकल्पिक मार्ग अपनाया, जिससे वहां भी ट्रैफिक बढ़ गया।

पुलिस की उपस्थिति सीमित थी और इससे जाम की समस्या बढ़ गई। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के मरम्मत कार्य नहीं करना चाहिए था। भविष्य में ऐसे कार्यों के लिए योजना बनाना आवश्यक है, ताकि जनता को परेशानी न हो।

वही मरम्मत के कारण ढोलबज्जा में जाम लगा रहा। शहीद भगत सिंह चौक, नेताजी सुभाष चौक और बाजार में सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। ढोलबज्जा पुलिस ने जाम हटाने की कोई कोशिश नहीं की।

इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है। कुरसेला पुल पर मरम्मत के चलते वाहनों का वनवे परिचालन हो रहा है। इसी कारण रुपौली से ढोलबज्जा होते हुए नवगछिया, भागलपुर, मधेपुरा और खगड़िया की ओर जाने वाले वाहन बाजार से होकर गुजर रहे हैं।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....