नवगछिया : नारायणपुर प्रखंड के रायपुर पंचायत में कुशहा बांध के किनारे कोसी नदी की उपधारा में बने गड्ढे में डूबने से दो किशोर की मौत हो गई। यह घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के जिलेबिया मोड़ के पूरब सत्संग मंदिर के सामने हुई। मृतक किशोर की पहचान रायपुर गांव निवासी विपिन शर्मा के 13 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार और शिव शंकर शर्मा के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई। सोमवार की दोपहर दोनों किशोर अपने दोस्तों के साथ कोसी नदी की उपधारा में नहाने गए थे। नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उनके साथ गए आदित्य कुमार ने तुरंत परिवार को सूचना दी।

Whatsapp group Join

सूचना मिलते ही परिवारजन नदी किनारे पहुंचे और दोनों किशोर को पानी से निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। दोनों किशोर रायपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय में छठी कक्षा के छात्र थे। सन्नी विपिन शर्मा के तीन बेटों में सबसे बड़ा था, जबकि राहुल शिव शंकर के तीन बेटों और दो बेटियों में सबसे बड़ा था।

ग्रामीणों ने बताया कि दोनों किशोर मृदुभाषी और होनहार थे। बताया गया कि बांध किनारे मिट्टी कटाव के कारण गड्ढा बन गया, जिसमें पानी भर गया और किशोर नहाने के दौरान उसमें डूब गए। मुखिया सिंधु शर्मा ने सीओ और बीडीओ को सूचना दी। भवानीपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज की गई है, और मुआवजे के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन दिया जाएगा, जिसके बाद मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

 

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....