नवगछिया : इस्माइलपुर प्रखंड के रामदीरी गांव में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से हालात चिंताजनक हो गए हैं। गांव चारों ओर से गंगा के पानी से घिर चुका है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
Total Downloads: 426
सबसे बड़ी समस्या शौचालय की है। चारों ओर जलजमाव के कारण ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए भी सुरक्षित स्थान नहीं मिल पा रहा है। स्थिति की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य विपिन कुमार मंडल गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
विपिन कुमार ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इसलिए जनसहयोग से गांव में बांस की बल्ली का उपयोग कर शौचालय निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा, “यह जिम्मेदारी प्रशासन की है, लेकिन उनकी उदासीनता के कारण अब तक कोई राहत कार्य शुरू नहीं हुआ है। गंगा का पानी लगातार बढ़ रहा है। अब निचले इलाकों में घरों तक घुसने को तैयार है। लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल नहीं की है।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द राहत व बचाव कार्य शुरू किया जाए। साथ ही शौचालय, पीने का पानी, नाव की सुविधा व अन्य जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
