नवगछिया : खगड़िया जिला अंतर्गत सलारपुर निवासी और यूथ कांग्रेस के पूर्व बिहार प्रदेश अध्यक्ष ललन कुमार को एनएच-31 पर ट्रक से कुचलने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के भगवान पेट्रोल पंप के पास घटी। इस बाबत ललन कुमार ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है।
थानाध्यक्ष शंभू प्रसाद ने बताया कि पुलिस जांच करते हुए संदिग्ध ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ट्रक पश्चिम बंगाल नंबर का है जबकि चालक सिवान जिले का रहने वाला बताया जाता है। ललन ने बताया कि वह पटना से नवगछिया मार्ग होते हुए भागलपुर जा रहे थे। मूल रूप से उनका प्लान सुल्तानगंज के रास्ते जाने का था, लेकिन जाम की वजह से उन्होंने अचानक रूट बदल दिया।
इसी दौरान भवानीपुर थाना क्षेत्र में यह घटना हुई। ललन कुमार के अनुसार, वह अपनी इनोवा कार में यात्रा कर रहे थे। पीछे से आ रहा भारी-भरकम ट्रक लगातार उनकी गाड़ी को चपेट में लेने का प्रयास कर रहा था। चूंकि उन्होंने अचानक रूट बदला था, इसलिए उनके साथ एस्कॉर्ट नहीं था। उन्हें शक हुआ कि यह कोई सोची-समझी साजिश हो सकती है।


