नवगछिया में स्टेडियम निर्माण शुरू होने में दो रोड़े बाधक बने हुए हैं। इसको लेकर खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेन्दर ने भागलपुर के डीएम को पत्र लिखकर बाधकों को दूर करने को कहा है। उन्होंने कहा कि नवगछिया में खेल अवसंरचना के निर्माण के लिए चिह्नित स्थल से दोनों अवरोध और समस्याओं के निराकरण के लिए बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड ने अनुरोध किया है।
Total Downloads: 167
उन्होंने कहा कि चिह्नित स्थल के ऊपर से उच्चस्तरीय 33 केवी का तार गुजर रहा है। इससे स्टेडियम के निर्माण के बाद दिक्कत हो सकती है। इसलिए तार की दिशा बदलकर साइट को फ्री किया जाए।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग से जमीन का अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं मिल पाया है। बता दें कि प्रगति यात्रा के क्रम में 24.79 करोड़ से निर्माण कार्य को मंजूरी मिली थी। नवगछिया में खेल अवसंरचना के निर्माण के लिए ₹2479.22 लाख के तकनीकी अनुमोदित प्राक्कलन पर प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि नवगछिया पुलिस जिला में पहली बार बड़े खर्च पर बृहद स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है।

इससे इस पुलिस जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास में सुविधा होगी। साथ ही भविष्य में बड़े खेल आयोजन भी यहां कराए जा सकेंगे। एडीएम दिनेश राम ने बताया कि बिजली संबंधित समस्या दूर करने के लिए विद्युत कार्यपालक अभियंता और एनओसी के लिए कृषि विभाग को निर्देश दिया गया है।
