कटिहार-बरौनी रेल खंड पर नारायणपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक मूक-बधिर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुरापुर वार्ड नंबर 1 निवासी 21 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है। वह मिथलेश शाह के पुत्र बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मधुरापुर बाजार को गोगरी नारायणपुर तटबंध से जोड़ने वाले छोर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार मधुरापुर बाजार जा रहे थे और रेलवे लाइन पार करने के दौरान अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
बाद में मृतक के बहनोई मिथिलेश कुमार ने शव की पहचान की। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की मां मीरा देवी ने बताया कि मुकेश परिवार का इकलौता पुत्र था और वह मूक-बधिर भी था। उन्होंने बताया कि परिवार में छह बहनों की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

