नवगछिया नगर परिषद् का वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। कुल अनुमानित आय 87 करोड़ 91 लाख 96 हजार 845 रुपये और कुल अनुमानित व्यय 66 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये तय किया गया है। इस प्रकार, परिषद को 21 करोड़ 70 लाख 16 हजार 845 रुपये की अनुमानित बचत होगी।
Total Downloads: 166
बजट में नगर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और नागरिक सुविधाओं में विस्तार के लिए कई योजनाओं को शामिल किया गया है। इसमें सड़क निर्माण, जलापूर्ति, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और पार्कों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।
स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर जोर
नगर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के लिए कचरा प्रबंधन, नाला सफाई और पार्कों के रखरखाव के लिए बजट में विशेष राशि आवंटित की गई है। इसके अलावा, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का भी प्रस्ताव रखा गया है।

नगर परिषद नवगछिया की सभापति प्रीति कुमारी ने कहा, यह बजट नवगछिया के समग्र विकास के लिए एक मजबूत आधार साबित होगा। वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा, बजट को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं दी जाएं।
