नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर गांव में मंगलवार सुबह 8 बजे एक किराना दुकानदार पर चाकू से हमला हुआ। दुकानदार रतन सिंह ने एक ग्राहक को उधार देने से मना कर दिया था। इस पर ग्राहक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
Total Downloads: 181
घायल की पत्नी अंशु लता कुमारी ने बताया कि आरोपी युवक पहले से उनके पति का कर्जदार था। पिछला बकाया चुकाए बिना उसने फिर से उधार मांगा। रतन सिंह ने मना किया तो उसने गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घायल रतन सिंह को पहले नारायणपुर पीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें JLNMCH भागलपुर रेफर किया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

गांव में इस घटना से आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानदारों के साथ ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उनकी मांग है कि प्रशासन को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
दुकानदार के ऊपर ग्राहक के चाकू से हमला करने को लेकर नारायणपुर के थाना अध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। हम लोगों ने टीम गठित कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी युवक अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए हम लोगों का प्रयास जारी है।
