बिहपुर :  हरियों पंचायत के वार्ड नंबर 6 निवासी 26 वर्षीय युवक का शव रविवार को बिसपुरीया/कदबा के बीच लोकमानपुर के करीब कोसी नदी के दो धार के बीच बने टीले पर मिला। युवक चार दिनों ने लापता था। युवक के परिजनों ने झंडापुर थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। युवक की पहचान हरियों के वार्ड छह निवासी कैलाश साह के पुत्र टिंकू कुमार के रूप में हुई। कैलाश साह गांव में ही अनाज के व्यापारी के रूप में कार्य करते हैं। वहीं सारे पैसों का लेन-देन का हिसाब-किताब टिंकू के पास ही रहता था। तीन जुलाई रात साढ़े आठ बजे टिंकू के भाई की उससे आखरी बार फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने बताया था कि वह घर के पास की सड़क पर है और घर लौट रहा है।

घर नहीं लौटने पर उसकी बहन ने कॉल किया तो बात नहीं हुई। रात नौ बजे के करीब उसका फोन स्विच ऑफ आने लगा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। चार जुलाई की सुबह परिजनों ने झंडापुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। रविवार दोपहर लोकमानपुर के करीब कोसी नदी के दो धार के बीच बने टीले पर टिंकू का शव मिला। परिजनों ने इसकी सूचना झंडापुर पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। सोमवार को परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

पिता ने लगाया हत्या का आरोप मृतक टिंकू के पिता कैलाश साह ने बताया कि टिंकू के गले में निशान था, जीभ बाहर निकली हुई थी। पीठ-सीना आदि पर भी खून के निशान थे। टिंकू के हाथ और पैर के नाखून भी खिंचे हुए थे। वहीं टिंकू के परिजनों का कहना है कि एक-दो दिन पहले ही हत्या कर शव फेंका गया है। परिजनों का कहना है कि पहले टिंकू का अपहरण किया गया और उसके बाद हत्या कर शव को फेंका गया है। परिजनों ने हत्या का केस दर्ज कराने के लिए पुलिस को आवेदन दिया है।

परिजनों ने लगाया प्रशासनिक लापरवाही का आरोप टिंकू के चाचा मणिकांत साह, भाई रवि समेत ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को चार जुलाई को ही लिखित सूचना दी गई थी। पुलिस अगर तत्परता दिखाती तो टिंकू की हत्या नहीं होती। लापता होने की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने अनदेखी की। पुलिस के सुस्त रवैये के कारण हरियों में कई तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। वहीं झंडापुर थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने बताया कि चार जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं छह जुलाई को शव बरामद के बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सुपुर्द कर दिया गया। पोस्टमार्टम के रिपोर्ट में हत्या आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....