नवगछिया । रंगरा थाना के भवानीपुर में कई घरों में हुई चोरी की घटना के बाद रंगरा पुलिस शुक्रवार की शाम मोटर चोरी के आरोप में लोगों को पकड़कर थाने लाई। दोनों आरोपी रंगरा थाने के हाजत से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। दोनों को भागता देख रंगरा थाने से कुछ दूरी पर एनएच 31 के समीप पुलिस ने दोनों आरोपियों को खदेड़कर दबोच लिया। गुरुवार की रात भवानीपुर गांव के स्कूल से मोटर सहित अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली गई थी। इसी मामले में गांव के रीकेश कमार और सौरभ कुमार को पुलिस गिरफ्तार कर थाना लाई थी।
पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर एक मोटर भी बरामद कर लिया गया है। रंगरा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को चोरी की घटना को लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। पूछताछ के बाद दोनों को हाजत में बंद कर दिया गया था। दोनों आदतन स्मैकर हैं। स्मैक नहीं मिलने के चलते दोनों हाजत में चीख-चिल्ला रहे थे और अजीब हरकत करने लगे।
दोनों की हरकत को देखते हुए दोनों को कुछ देर के लिए हाजत से निकालकर बाहर में बिठा दिया गया था। इसके बाद दोनों ने शौच जाने की बात कही। इसी दौरान दोनों पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। घटना के बाद थाने में मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने पुलिस बलों के सहयोग से दोनों को खदेड़ कर थाने की कुछ दूरी पर एनएच 31 के पास पकड़ लिया। शनिवार को न्यायिक रियासत में भेजा जाएगा।


