बिहार में गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में वृद्धि के बीच बुधवार को बिहपुर विधानसभा के भाजपा विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने बिहपुर, नारायणपुर और खरीक प्रखंड स्थित तटबंधों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार, नवगछिया के सहायक अभियंता राकेश कुमार मेहरा और बिहपुर के कनीय अभियंता मंतोष कुमार भंडारी से तटबंधों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने सभी तटबंधों को पूरी तरह सुरक्षित बताया।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि बक्सर और बनारस में गंगा का जलस्तर बुधवार से घटना शुरू हो गया है। इसे देखते हुए नवगछिया अनुमंडल में भी अगले दो दिनों के बाद जलस्तर में कमी आने की संभावना है।

विधायक ने राघोपुर, झांव, काजीकोरैया से नन्हकार तक गंगा तटबंध का निरीक्षण किया। साथ ही कोसी प्रभावित क्षेत्र कालूचक-विशपुरिया और सिहकुंड आदि में तटबंधों की पुख्ता सुरक्षा के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

विधायक शैलेंद्र ने क्षेत्र के सभी तटबंधों को सुरक्षित बताते हुए अधिकारियों को तटबंधों की स्थिति पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। इस अवसर पर दिनेश यादव, रूपेश रूप, इंजीनियर कुमार गौरव, अजय उर्फ माटो और परमानंद मंडल सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....