नवगछिया : भागलपुर जिले में गंगा अभी रौद्र रूप में है. नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड में है सैदपुर गांव. जहां बेहद प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर है. करोड़ों की लागत से बना यह मंदिर बेहद भव्य है. लेकिन इन दिनों गंगा की तेज धार मंदिर से सटकर ही बह रही है जिससे मंदिर के अस्तित्व पर अब खतरा मंडराने लगा है. ग्रामीण गुहार लगा रहे हैं कि मंदिर को किसी तरह बचा लिया जाए. नवगछिया में गंगा के विकराल रूप से कई घर नदी में समा चुके हैं. तटबंध ध्वस्त हुए तो तबाही और बढ़ती दिखने लगी. अब इस मंदिर को बचाने के लिए जद्दोजहद हो रही है.
सैदपुर दुर्गामंदिर के निकट ग्रामीण कार्य विभाग की सड़क बाढ़ से क्षतिग्रस्त होने के कारण मंदिर को बचाने के लिए पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत से फ्लड फाइटिंग कार्य चल रहा है।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि एनसी कार्य जारी है और बुधवार से बांस की रोल से मंदिर की सुरक्षा की जाएगी। ब्रह्मोत्तर बांध के ओवरफ्लो से गंगा प्रसाद धार में पानी का दबाव बढ़ गया, जिससे मंदिर पर खतरा मंडरा रहा है।


