नारायणपुर प्रखंड के नारायणपुर गांव में मंगलवार की दोपहर एक ट्रक के आगे-पीछे करने के दौरान 12 वर्षीय छात्रा पूजा कुमारी को ठोकर लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत उसे नारायणपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां पर्ची कटाने से लेकर इलाज शुरू करने में आधे घंटे का समय लग गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, भागलपुर ले जाते समय रास्ते में ही पूजा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर भवानीपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शंभू पासवान के निर्देश पर पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में लिया।
मृतका पूजा कुमारी, प्रदीप यादव की पुत्री थी और नारायणपुर मध्य विद्यालय में पढ़ती थी। जानकारी के अनुसार, वह बर्फ फैक्ट्री के पास अपने बासा से घर लौट रही थी। तभी पीपल पेड़ के पास गांव की ओर आ रहे ट्रक के पहिए से ठोकर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क अतिक्रमण के कारण काफी संकरी हो गई है, जिसके चलते ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग से ग्रामीण सड़कों पर आने से रोका जाए। थानाध्यक्ष शंभू पासवान ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है


