नवगछिया : शुक्रवार की देर रात खरीक पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के नया टोला भवनपुरा निवासी कुख्यात संजो सिंह के पुत्र कुख्यात अमर सिंह को एक लोडेड कट्टा और 11 गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया। देर रात अमर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में अपने गांव के समीप हथियार और गोली के साथ घूम रहा था।
Total Downloads: 437
इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार के नेतृत्व में जेएसआई विक्रम कुमार, रामबच्चन प्रसाद, मो. जियाउल इस्लाम खां दलबल के साथ नया टोला भवनपुरा गांव पहुंचे। जहां पूरे गांव की घेराबंदी कर कुख्यात अमर को लोडेड कट्टा एवं बिंडोलिया में रखे 11 गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया गया। कुख्यात अमर सिंह सिंह का लंबा अपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई बार हत्या, लूट, जानलेवा हमला, रंगदारी समेत अन्य कई गंभीर अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में जेल जा चुका है। हाल में ही वह बेल पर जेल से बाहर आया था।

