नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर जहाज घाट पर शुक्रवार को छठ महापर्व के दौरान गंगा स्नान करते समय दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा में स्नान करने पहुंचे तीन बच्चे अचानक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन एक बच्ची की मौत हो गई।
मृतक की पहचान रिया कुमारी (10 वर्ष), पिता संजय शाह, निवासी दयालपुर, खरीक थाना क्षेत्र के रूप में की गई है। परिजन छठ महापर्व के अवसर पर गंगा स्नान करने घाट पर पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शी सुभाष कुमार ने बताया कि उन्होंने देखा कि तीन बच्चे डूब रहे हैं। उन्होंने तुरंत पांच युवकों के साथ गंगा में छलांग लगाई। काफी प्रयास के बाद दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि रिया को देर से खोजा जा सका।

बच्ची को बेहोशी की हालत में बाहर निकालकर निजी वाहन से रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की मां इंदु देवी ने बताया कि वे गांव के करीब दस लोगों के साथ स्नान के लिए आई थीं। बच्चों को नहाने के बाद बाहर निकाल दिया था, लेकिन जब वे कपड़े बदल रही थीं, तभी बच्चे दोबारा नदी में उतर गए और रिया की डूबने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही भवानीपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

