नवगछिया : गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने सोमवार को बिहार विधानसभा में माननीय सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उन्होंने संविधान के प्रति निष्ठा और जनता की सेवा को सर्वोपरि रखने का संकल्प दोहराया।
Total Downloads: 372
शपथ लेने के बाद विधायक बुलो मंडल ने कहा कि वे संविधान द्वारा प्रदत्त कर्तव्यों, दायित्वों और जिम्मेदारियों का ईमानदारी से पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास उन पर व्यक्त किया है, उसे वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनता की सेवा उनका सर्वोच्च धर्म है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और सामाजिक उत्थान जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान देंगे।

विधायक ने कहा कि गोपालपुर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे हर संभव पहल करेंगे और सरकार व संबंधित विभागों से तालमेल कर विकास कार्यों को गति देंगे।
शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने गोपालपुर की जनता के स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
