नवगछिया : गोपालपुर प्रखंड के सैदपुर तिनटंगा करारी नवगछिया 14 नंबर पीडब्ल्यूडी सड़क का अनुरक्षण कार्य पथ निर्माण विभाग द्वारा करवाया जा रहा है। तिनटंगा करारी बजरंगबली स्थान से जहाज घाट तक सड़क मरम्मत का कार्य वर्तमान में जारी है।
इस बीच स्थानीय ग्रामीणों ने मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। पूर्व मुखिया गिरीधारी पासवान, प्रभात रंजन, बंटी यादव, सोनू कुमार सिंह, पटेल भारती, पप्पू यादव समेत कई ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
सड़क की गुणवत्ता पर आपत्ति
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की सतह से गिट्टी आसानी से निकल रही है, जिससे स्पष्ट होता है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मानकों के अनुसार कार्य नहीं होने से सड़क जल्द खराब हो सकती है।

विभाग का बयान
पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता चंदन कुमार ने कहा कि शिकायतों की जांच की जाएगी और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराया जाएगा।

