नवगछिया। मधुरापुर बाजार में स्थानीय दुकानदारों द्वारा सड़क पर किए गए अतिक्रमण से आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में अतिक्रमण के कारण एक एम्बुलेंस बाजार में जाम में फंस गई, जिससे मरीज को हायर सेंटर ले जाने में काफी देर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर से रेफर किए गए एक मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस मधुरापुर बाजार से गुजर रही थी। सड़क पर दुकानदारों द्वारा रखी गई बेंचों, ठेलों और दुकानों के सामान के कारण रास्ता संकरा हो गया था। नतीजतन, एम्बुलेंस कई मिनटों तक जाम में फंसी रही और आगे नहीं बढ़ सकी।
इस दौरान मरीज की हालत गंभीर बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस देरी से मरीज की जान को खतरा उत्पन्न हो गया, जो बेहद चिंताजनक है।

मधुरापुर बाजार में अतिक्रमण की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि दुकानदार अपनी सुविधा के लिए सड़क पर कब्जा कर लेते हैं, जिससे न सिर्फ यातायात बाधित होता है, बल्कि पैदल चलने वालों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और गंभीर रूप ले सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने और बाजार में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

