नवगछिया स्थित कटारिया रेलवे स्टेशन परिसर में एक युवक को ग्रिल से बांधकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार की बताई जा रही है। चोरी के संदेह में कुछ स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और स्टेशन परिसर में ही उसे ग्रिल से बांधकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया गया।

पुलिस का कहना है कि उनके पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल लोग मौके से फरार हो चुके थे। फिलहाल, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
सार्वजनिक स्थल पर युवक को बांधकर पीटने की यह घटना कानून को हाथ में लेने की प्रवृत्ति को उजागर करती है। इस संबंध में आरपीएफ थाना प्रभारी मुन्ना कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

