नवगछिया के नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) रोहित कार्दम ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार नवगछिया अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में एसडीएम ने मेडिसिन स्टॉक, चिकित्सकों की उपस्थिति, ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न वार्डों का गहन निरीक्षण किया और अस्पताल की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसडीएम रोहित कार्दम ने बताया कि यह उनका पहला सामान्य निरीक्षण था। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

एसडीएम ने अस्पताल परिसर में आवश्यक सूचना बोर्ड लगाने तथा विभिन्न स्थानों को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों और आगंतुकों को सुविधा मिल सके।
वहीं, अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पिंकेश ने बताया कि एसडीएम का निरीक्षण सामान्य रहा और अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।

