नवगछिया रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहा पुनर्विकास कार्य एक बार फिर ठप हो गया है। इसकी मुख्य वजह गति शक्ति परियोजना से जुड़े नवगछिया–कटेरिया खंड में फोर लाइन ट्रैक का प्रस्तावित निर्माण बताया जा रहा है।

रेल प्रशासन को स्टेशन के दक्षिणी हिस्से में चार नई रेल लाइनें बिछानी हैं, जिसके चलते स्टेशन भवन, फुट ओवर ब्रिज और लिफ्ट से जुड़ा अमृत भारत कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट का काम प्लेटफॉर्म स्तर तक पहुंच चुका था, लेकिन पिछले एक सप्ताह से इंजीनियरों की टीम फोर लाइन के लिए मापी में जुटी हुई है।

तीन साल से अधर में लटका प्रोजेक्ट

यह स्टेशन पुनर्विकास परियोजना बीते तीन वर्षों से अटकी हुई है। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शौचालय के सामने बड़ा गड्ढा खोद दिया गया है और सेड भी हटा दिया गया, जिससे यात्रियों को धूप, बारिश, ठंड और गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्टेशन यात्री सलाहकार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि

“अगर इंजीनियरों ने पहले ही फोर लाइन की योजना को ठीक से समझ लिया होता, तो अमृत भारत का काम इस तरह बीच में नहीं रुकता। बिना समन्वय के काम शुरू करना बड़ी लापरवाही है।”

डीआरएम निरीक्षण के बाद रोका गया कार्य

पिछले सप्ताह सोनपुर डिवीजन के डीआरएम ने स्टेशन का निरीक्षण किया था। उसी दौरान निर्माण कार्य रोकने की जानकारी सामने आई।

यात्रियों का कहना है कि पिछले 10 वर्षों में स्टेशन पर कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ। तीन साल पहले अमृत भारत योजना को मंजूरी मिलने के बावजूद अब तक ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। सुविधाओं की भारी कमी के कारण रोज़ हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *