नवगछिया : कहलगांव प्रखंड के विक्रमशिला से नवगछिया की ओर कटरिया तक नई रेलवे लाइन बिछाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस परियोजना को दो हिस्सों में पूरा किया जाएगा। भागलपुर में गंगा नदी पर बनने वाले मुख्य रेल पुल के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। पुल के पिलर के लिए मिट्टी की जांच अंतिम चरण में है और इसकी रिपोर्ट इसी महीने रेलवे को मिल जाएगी।
मुख्य रेल पुल के अलावा करीब 31.82 किलोमीटर ट्रैक बिछाया जाना है, जिसके लिए अलग से टेंडर जारी किया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा गंगा नदी पर बनने वाला रेल पुल है। पुल के निर्माण के दौरान या इसके बाद अप्रोच रोड का टेंडर भी जारी किया जाएगा।
इस परियोजना के लिए 16 गांवों की 425 एकड़ से अधिक जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। जमीन का सर्वे पूरा हो चुका है और अमीन द्वारा इसकी रिपोर्ट अगले एक सप्ताह में भू-अर्जन कार्यालय को सौंप दी जाएगी। इसके बाद करीब एक माह में नोटिस प्रकाशित किया जाएगा। चयनित जमीन में परती, धनहर, रास्ता और भीठ जैसी भूमि शामिल है। रेलवे ने ड्रोन सर्वे के माध्यम से 16 मौजों में जमीन चिन्हित की है।

करीब 1153 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह रेल पुल 13 मीटर चौड़ा होगा और इसका निर्माण 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पूरी रेललाइन को 2031 तक चालू करने की योजना है। इस रेल पुल का निर्माण IRCON International Limited द्वारा कराया जाएगा। स्टील ट्रस तकनीक से बनने वाला यह मुख्य रेल पुल डबल लाइन का होगा।
मुख्य रेल पुल के अलावा दोनों स्टेशनों को जोड़ने वाली रेललाइन की कुल लंबाई 35 किलोमीटर से अधिक होगी, जिस पर करीब 2171 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पूरी परियोजना के दौरान 26 छोटे-बड़े रेल पुल भी बनाए जाएंगे।

