नवगछिया पुलिस जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैंककर्मी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना एनएच-80 पर श्रीपुर पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान हरनाथचक निवासी सपना कुमारी के रूप में हुई है, जो बैंक में कार्यरत थीं और किसी काम से चौसा की ओर जा रही थीं।
Total Downloads: 167
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक गलत दिशा में तेज गति से आ रहा था, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने ट्रक को पकड़ लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा एवं सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कदवा फोरलेन सड़क को जाम कर दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने की कोशिश में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश में छापेमारी जारी हैं।
