नवगछिया पुलिस जिले के नए एसपी वैभव शर्मा ने शनिवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। पुलिस लाइन परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी और जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नवगछिया, रंगरा, गोपालपुर, बिहपुर, झंडापुर, भवानीपुर, ढोलबज्जा और कदवा थाना के थाना अध्यक्षों सहित कई पुलिस अधिकारियों ने नए एसपी का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी वैभव शर्मा ने जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा फरार चल रहे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, नियमित गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सीधे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
नए एसपी ने जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस कार्रवाई को और अधिक तेज तथा प्रभावी बनाकर आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जाएगा।
एसपी वैभव शर्मा ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि निर्दोष लोगों को पुलिस का पूरा सहयोग और सुरक्षा मिलेगी, जबकि दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

