नवगछिया के खरीक अंचल क्षेत्र अंतर्गत काजी कोरैया गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृत बच्चों की पहचान हरिजन टोला निवासी कुनकुन के पुत्र बमबम कुमार तथा अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे गांव के समीप अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वे तालाब के किनारे पहुंच गए और अनजाने में गहरे पानी में चले गए।
काफी देर तक दोनों बच्चों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान तालाब के पास बच्चों के होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उनके पानी में डूबने की आशंका जताई गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और खरीक अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की पहल पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। स्थानीय गोताखोर आर्यन कुमार और गुड्डू पासवान ने एसडीआरएफ कर्मियों के साथ मिलकर तालाब में सघन खोज अभियान चलाया।
कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को आपदा राहत के तहत सरकारी सहायता देने की मांग की है। मृतक बच्चों के परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे रोज की तरह घर के पास खेल रहे थे। काफी देर तक वापस नहीं आने पर खोजबीन शुरू की गई, लेकिन जब तक उन्हें तालाब से निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने इस घटना को पूरे गांव के लिए बेहद दुखद बताया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी किए जाने की बात कही है।

