नवगछिया में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते दिख रहे हैं। मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे गरैया गांव के पास 14 नंबर सड़क पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान सौरभ कुमार (20) के रूप में हुई है, जो इस्माइलपुर के छोटी परबत्ता निवासी अखिलेश मंडल का पुत्र है।

परिजनों के अनुसार सौरभ अपने बड़े भाई गौरव कुमार के साथ गरैया गांव में बकाया पैसे की मांग करने गया था। लौटने के दौरान सौरभ बाइक से उतरकर पैदल जगतपुर चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी पहुंचे और उसके गले में गोली मार दी। गोली लगते ही सौरभ सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

एंबुलेंस नहीं पहुंची, भाई बाइक से अस्पताल ले गया

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और 102 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद घायल सौरभ को उसके भाई गौरव ने बाइक से अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही परबत्ता थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैसे के लेन-देन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

हाल में हुई थी हत्या की वारदात

इससे पहले खरीक थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर कन्हैया मोदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी ऋषव चौधरी समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर हथियार और गोली बरामद किए थे।

एसपी राजेश कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिल चुकी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....