विक्रमशिला सेतु पर वैकल्पिक आवागमन बहाल करने की दिशा में बेली ब्रिज निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। Border Roads Organisation (बीआरओ) की टीम लगातार तीसरे दिन भी निर्माण कार्य में जुटी रही।

Whatsapp group Join

शनिवार को मुख्य निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की सफलता एवं सुरक्षा की कामना की गई। बीआरओ की ओर से विशेष रूप से पुरोहित बुलाकर मंत्रोच्चारण कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान में दिनभर समय लगा, जिसके बाद शाम से तकनीकी कार्य दोबारा शुरू किया गया।

इस दौरान सेतु के नवगछिया छोर पर गिट्टी और अलकतरा हटाकर जमीन को समतल करने का काम जारी रहा। वहीं दूसरी ओर लोहे के एंगल को वेल्डिंग एवं नट-बोल्ट के माध्यम से जोड़ने की प्रक्रिया भी चलती रही।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार बेली ब्रिज की लॉन्चिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और निर्धारित योजना के तहत इसी माह निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इधर, जितेंद्र कुमार ने बताया कि लोगों को जल्द राहत देने के उद्देश्य से तेजी से कार्य कराया जा रहा है। बेली ब्रिज तैयार होने के बाद उसपर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा। हालांकि निर्माण और इंस्टॉलेशन की कई तकनीकी प्रक्रियाएं होती हैं, जिन्हें पूरा करने में समय लगता है।

उन्होंने कहा कि इसी माह के भीतर बेली ब्रिज चालू करने के लक्ष्य के साथ बीआरओ की टीम युद्धस्तर पर कार्य कर रही है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....