नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में गुरुवार को दर्जनों चोरी के मामलों के आरोपित चंदन रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। मृतक की पहचान प्रोफेसर कॉलोनी निवासी स्वर्गीय ईश्वर रजक के पुत्र चंदन रजक के रूप में हुई है।

Whatsapp group Join

जानकारी के अनुसार, चंदन रजक पर नवगछिया, गोपालपुर और रंगरा थाना में चोरी के तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था।

काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को चिंता हुई। शाम के समय जब परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा खोला तो चंदन बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसके नाक से खून बह रहा था। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि चंदन लंबे समय से नशे की सुई और टैबलेट का सेवन करता था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की सुई और दवा के अधिक सेवन से उसकी मौत हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने मृतक के कमरे की तलाशी ली, जहां से नशे की सुई और टैबलेट बरामद किए गए हैं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

नवगछिया थानाध्यक्ष Ravi Shankar Singh ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की सुई और टैबलेट के ओवरडोज से मौत का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....