नवगछिया : इस्माईलपुर प्रखंड के किसानों ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जे की शिकायत को लेकर वैभव शर्मा से मुलाकात की। कौशल यादव के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने एसपी को आवेदन सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की।
किसानों ने बताया कि वर्ष 2000 में गंगा नदी के भीषण कटाव में उनकी खेती योग्य जमीन और घर नदी में समा गए थे। कटाव के बाद वे विस्थापित होकर घोघा समेत अन्य क्षेत्रों में रहने लगे। अब वर्षों बाद गंगा की धारा हटने से उनकी जमीन दोबारा बाहर आई है, लेकिन उस पर स्थानीय दबंगों ने कब्जा जमा लिया है।
पीड़ित किसानों का आरोप है कि फुलकिया निवासी टुन्ना यादव और उसके सहयोगी कई एकड़ जमीन पर जबरन कब्जा किए हुए हैं। किसानों का कहना है कि जब वे अपनी जमीन जोतने पहुंचते हैं तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। किसानों ने कहा कि वे वर्षों तक कटाव की पीड़ा झेलते रहे और अब जब उनकी रोजी-रोटी का साधन वापस मिला है, तो उन्हें खेती करने से रोका जा रहा है।

किसानों द्वारा दिए गए हस्ताक्षरयुक्त आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया, तो इलाके में तनाव और बड़े संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें उनकी जमीन पर दखल दिलाया जाए तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया है

