नवगछिया/इस्माइलपुर: पत्नी की हत्या के मामले में इस्माइलपुर थाना पुलिस ने सोमवार को आरोपी पति प्रभाष यादव को गिरफ्तार कर लिया। कमलाकुंड गांव निवासी प्रभाष यादव से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बताया गया कि 26 मई को उसकी पत्नी अंशु कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में मृतका की मां चिंता देवी ने दामाद प्रभाष यादव, उसके भाई अभिनंदन यादव, कारगिल यादव, पिता बाल्मीकि यादव तथा मां बुलबुल देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि दहेज की मांग को लेकर आरोपियों ने अंशु कुमारी की हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।

नवगछिया के अनिकेत अमर ने बताया कि तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

