नवगछिया। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को नवगछिया अनुमंडल (नवगछिया, गोपालपुर, बिहपुर, नारायणपुर, रंगरा चौक, इस्माइलपुर, खरीक और गोपालपुर प्रखंडों के पंचायत में ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
भवनपुरा पंचायत में आयोजित शिविर में प्रखंड, अंचल, कृषि, स्वास्थ्य, विद्युत, आईसीडीएस, शिक्षा और जीविका समेत विभिन्न विभागों के कुल 15 स्टॉल लगाए गए। यहां विद्युत, अंचल और प्रखंड कार्यालय से संबंधित कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पांच आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर दिया गया।
वहीं चोरहर पंचायत के सुराहा गांव में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें तीन मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

शिविर के दौरान अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में पीजीआरओ सोनी कुमारी, सीओ प्रवीण कुमार वत्स, बीपीआरओ नागेश्वर प्रसाद, थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

