नवगछिया। नवगछिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, अपराध शाखा गढ़हरा और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब एक लाख रुपये मूल्य के छह चोरी के स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:45 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से छह स्मार्टफोन बरामद हुए, जिनके संबंध में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिट्ठू कुमार झा, अभिषेक कुमार झा उर्फ सागर, गुड्डू कुमार और राजीव कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ट्रेनों में सफर कर रहे और सो रहे यात्रियों के मोबाइल चोरी करने तथा बाद में उन्हें बेच देने की बात स्वीकार की।

आरपीएफ थाना प्रभारी मुन्ना कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई रेलवे द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के तहत की गई है। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों में से एक का वास्तविक मालिक चिन्हित कर लिया गया है, जिसका मोबाइल उसी दिन ट्रेन यात्रा के दौरान चोरी हुआ था। मामले में रेल थाना खगड़िया में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को जीआरपी के हवाले कर दिया गया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और इससे जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....