नवगछिया: पूर्णिया में आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेने जा रहे दधीचि देहदान समिति एवं भारत विकास विकलांगन्यास, बिहार प्रदेश के पदाधिकारियों का नवगछिया समिति की ओर से मकन्दपुर चौक स्थित आर.एन. पैलेस होटल के सभागार में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय संगठन मंत्री निर्मल जैन ने सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ किया। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत माहौल में भारत माता के जयघोष से पूरा सभागार गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासचिव पद्मश्री विमल जैन ने कहा कि रक्तदान, अंगदान और देहदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने युवाओं से इसे सामाजिक दायित्व मानते हुए आगे आने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि एवं सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने कहा कि समाज सेवा ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने कहा कि जीवित रहते हुए रक्तदान और मृत्यु के बाद नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के माध्यम से व्यक्ति समाज की सेवा करने के साथ स्वयं को भी अमर बना सकता है।
इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने समाजसेवी विनोद केजरीवाल, विनय प्रकाश, मुरारी लाल पंसारी और बिनोद मंडल को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं पद्मश्री विमल जैन ने मनोज मंडल, पंकज कुमार, भूपेंद्र कुमार, मिथलेश कुमार, श्रवण कुमार, केशव कुमार, रामेश्वर कुमार एवं मुक्तीनाथ कुमार को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।
पटना से आई भाजपा नेत्री सुषमा जी तथा माँ ब्लड सेंटर के मुकेश हिसारिया ने उपस्थित स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान एवं देहदान अभियान से जुड़ना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को नया जीवन मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में विनोद केजरीवाल ने सभी आगंतुक पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का अभिनंदन करते हुए दधीचि देहदान समिति से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि नवगछिया की नई समिति का गठन 30 जून तक कर लिया जाएगा।

