नवगछिया । परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया गांव में नशा मुक्ति अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशा तस्करों और नशे का सेवन करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता पंचायत समिति प्रतिनिधि बबलू शर्मा ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में युवाओं को नशे की लत से बचाने, समाज में जागरूकता बढ़ाने और नशा कारोबार पर रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
परबत्ता थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने नशा तस्करों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं, वे तत्काल इस धंधे को छोड़कर कोई वैकल्पिक रोजगार अपनाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चेतावनी के बावजूद यदि कोई व्यक्ति नशे के कारोबार में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने भी गांव से नशे के कारोबार को समाप्त करने और युवाओं को इस बुराई से दूर रखने के लिए प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

