नवगछिया पुलिस जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरव झा के रूप में हुई है, जिसे भागलपुर जिले के तुलसीपुर से पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 को एक महिला ने परबत्ता थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि सौरव झा और उसके दो-तीन सहयोगियों ने उनसे रंगदारी के रूप में रुपये की मांग की। महिला के अनुसार, जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया और विरोध जताया, तो आरोपियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया कि सौरव झा और उसके साथियों ने महिला तथा उनकी गोतनी के साथ गाली-गलौज की और मारपीट भी की। घटना के बाद पीड़िता ने थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई थी।

महिला के आवेदन के आधार पर परबत्ता थाना में कांड संख्या 90/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सौरव झा, पिता सुनील झा, निवासी तुलसीपुर, थाना खरीक, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

