नारायणपुर: प्रखंड के गनौल गांव में युवक की हत्या कर शव को बांस से लटकाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस जांच तेज कर दी है। सोमवार शाम मृतक का अंतिम संस्कार किया गया, जहां उसकी छोटी बहन ने मुखाग्नि दी। घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की मां के बयान पर भवानीपुर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर रही पुलिस ने मृतक की पत्नी और बहन से विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर गांव के चार युवकों को हिरासत में लेकर भवानीपुर थाना में पूछताछ की जा रही है।
भवानीपुर थाना के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शंभू कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और संदिग्धों से लगातार पूछताछ जारी है।

वहीं, नवगछिया के एसडीपीओ अनिकेत अमर ने कहा कि पुलिस टीम मामले के उद्भेदन में पूरी गंभीरता से जुटी हुई है। कई बिंदुओं पर जांच चल रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी भी की जा रही है।
