मकनपुर चौक पर वाहनों से वसूली करते मिला कर्मी, एसपी और नगर परिषद से दोषियों पर कार्रवाई की मांग
Total Downloads: 9
नवगछिया: नगर परिषद क्षेत्र में बस स्टैंड के नाम पर वाहनों से कथित अवैध वसूली का मामला सोमवार को सामने आया। जिला परिषद अध्यक्ष बिपिन कुमार मंडल ने मकनपुर चौक पर निरीक्षण के दौरान एक कर्मी को वाहनों से पैसे वसूलते हुए पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से मकनपुर चौक, लक्ष्मीपुर चौक और जीरो माइल पर बस स्टैंड शुल्क के नाम पर वाहनों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। जिला परिषद अध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में पहले भी नगर परिषद को शिकायत की गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण वसूली का सिलसिला जारी रहा।

सोमवार को निरीक्षण के दौरान मकनपुर चौक पर एक कर्मी वाहनों से शुल्क वसूलता मिला। उसके पास बस स्टैंड के नाम पर जारी पर्ची भी थी, जिसके आधार पर वह पैसे ले रहा था। मौके पर ही जिला परिषद अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बिपिन कुमार मंडल ने कहा कि बस स्टैंड की बंदोबस्ती की शर्तों के अनुसार शुल्क की वसूली केवल नवगछिया बस स्टैंड परिसर में ही की जा सकती है। साथ ही संवेदक की जिम्मेदारी यात्रियों और वाहन चालकों के लिए बैठने की व्यवस्था, शौचालय और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके बावजूद अन्य स्थानों पर वसूली किया जाना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
मामले पर नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा ने शिकायत मिलने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि मकनपुर चौक पर वसूली नहीं करने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका था। यदि इसके बावजूद वसूली की जा रही है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
