भागलपुर: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) प्रारंभिक लिखित परीक्षा-2026 जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
Total Downloads: 32
प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 7,608 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 2,960 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 4,648 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, पहचान पत्रों की जांच, सीसीटीवी निगरानी, जैमर एवं संचार व्यवस्था, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार के प्रयास पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) ने कहा कि जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगातार निगरानी रखी गई।
वहीं, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर कड़ी निगरानी रखी गई और किसी भी अवांछनीय गतिविधि को रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या की सूचना नहीं मिली।
