नवगछिया: नवगछिया पुलिस जिले में स्पीडी ट्रायल से जुड़े मामलों के जमानत पर छूटे फरार अभियुक्तों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। 30 जुलाई को नवगछिया एसडीपीओ कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आईजी विवेक कुमार ने समीक्षा में पाया कि कई अभियुक्त कोर्ट से जमानत मिलने के बाद फरार हो गए हैं और न्यायिक प्रक्रिया से बच रहे हैं।
Total Downloads: 79
मामले को गंभीर मानते हुए आईजी ने भागलपुर रेंज के तीनों जिलों—भागलपुर, बांका और नवगछिया पुलिस जिला—के पुलिस अधीक्षकों को फरार अभियुक्तों के जमानतदारों का सत्यापन कराने और उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
स्पीडी ट्रायल मामलों की सूची मांगी
आईजी ने निर्देश दिया है कि स्पीडी ट्रायल से संबंधित उन सभी मामलों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, जिनमें अभियुक्त जमानत पर रिहा होने के बाद फरार हैं। इन मामलों की अलग से समीक्षा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आदतन अपराधियों पर भी रहेगी कड़ी नजर
पुलिस मुख्यालय ने भी आदतन अपराधियों और जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। विशेष रूप से ऐसे मोस्ट वांटेड अपराधी, जो कई मामलों में वांछित हैं और जमानत पर बाहर हैं, उनकी लगातार निगरानी करने को कहा गया है।
पुलिस मुख्यालय के प्रमुख निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निम्नलिखित निर्देश दिए हैं—
- बार-बार अपराध करने वाले अपराधियों के पुराने मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करें।
- जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने वाले अभियुक्तों की बेल रद्द (बेल कैंसिलेशन) कराने की प्रक्रिया शुरू करें।
- कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद उनके मामलों का स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित किया जाए।
- अन्य जिलों में वांछित अपराधियों की जानकारी संबंधित जिले की पुलिस को तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
- आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों का अनुसंधान 15 दिनों के भीतर पूरा कर शीघ्र न्यायिक प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
आईजी के निर्देश के बाद माना जा रहा है कि नवगछिया समेत भागलपुर रेंज में जमानत पर छूटकर फरार होने वाले अभियुक्तों और उनके जमानतदारों पर पुलिस की कार्रवाई और निगरानी अब और सख्त होगी
