नवगछिया। शादी के महज 19 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पति के साथ ससुराल जाते समय युवती ने रास्ते में मिठाई खरीदने का बहाना बनाया और पति के व्यस्त होते ही प्रेमी के साथ चली गई। मामले की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे के भीतर युवती को बरामद कर लिया। पुलिस ने उसके प्रेमी को भी पकड़ लिया।

मामला पूर्णिया जिले के बरहरा कोठी थाना क्षेत्र के सुखसेना निवासी तारावती कुमारी से जुड़ा है। उसकी शादी 7 अगस्त 2026 को नारायणपुर थाना क्षेत्र के चकरामी निवासी पिंटू कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद पिंटू अपनी पत्नी को लेकर पूर्णिया स्थित ससुराल जा रहा था।

मिठाई लेने के बहाने प्रेमी के साथ चली गई

बताया गया कि रास्ते में तारावती ने पति से मिठाई खरीदने की बात कही। पति जब मिठाई लेने में व्यस्त हो गया, उसी दौरान युवती अपने प्रेमी उत्कर्ष कुमार के साथ चली गई। उत्कर्ष परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरवा निवासी संजय मंडल का पुत्र बताया गया है।

पत्नी को आसपास नहीं देखकर पिंटू ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। रात करीब 12 बजे ससुराल पक्ष के लोग नवगछिया पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी।

डायल-112 टीम ने शुरू की कार्रवाई

सूचना मिलते ही ERV-14 की टीम के राहुल राज और चालक चंद्रशेखर यादव ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ससुराल पक्ष के लोगों के साथ उत्कर्ष के बोरवा स्थित घर पहुंची। वहां युवक को पकड़कर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिस को बताया कि युवती को राघोपुर बहतरा स्थित उसकी मां के घर में रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल दूसरी टीम को इसकी जानकारी दी।

राघोपुर बहतरा से युवती बरामद

सूचना मिलने के बाद ERV-02 वैशाली चौक की टीम के नागेश्वर शाह और चालक संजय यादव ने तत्काल राघोपुर बहतरा पहुंचकर युवती को बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 12 बजे सूचना मिलने के बाद लगभग दो घंटे के भीतर करीब 2 बजे युवती को बरामद कर लिया गया और उसके प्रेमी को भी पकड़ लिया गया।

बरामद युवती और पकड़े गए युवक को आगे की जांच-पड़ताल एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए परबत्ता थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *