नवगछिया। बिहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लड्डू पेट्रोल पंप के पास शाम करीब 6:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी निलेश यादव के पुत्र सचिन कुमार (26) के रूप में हुई है। सचिन इंटर पास था और दो भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों के पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, सचिन अपने ममेरे-फुफेरे भाइयों के साथ अपाचे बाइक से नवगछिया के भवानीपुर जा रहा था। इसी दौरान लड्डू पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सचिन की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में श्रीनगर छर्रापट्टी निवासी सचिन कुमार और भवानीपुर, रंगरा चौक निवासी बरुण कुमार घायल हुए हैं। बरुण कुमार के सीने में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक आपस में ममेरे-फुफेरे भाई हैं।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। दोनों घायलों को भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया है।

ट्रैफिक थाना प्रभारी सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें एक युवक की मौत हो गई। दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

सचिन की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम पसर गया। परिवार के सबसे बड़े बेटे की अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *