भागलपुर । बिहार स्टेट टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन (BSTWA) की ओर से शनिवार को लाजपत पार्क, भागलपुर में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा ने की। इसमें शिक्षकों के शहरी परिवहन भत्ता (CTA), बकाया अंतर वेतन भुगतान, HRMS अपडेट सहित अन्य लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में शिक्षकों ने अपनी समस्याओं को संघ के पदाधिकारियों के समक्ष रखा। संघ की ओर से शिक्षकों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों के समक्ष मुद्दों को मजबूती से रखा जाएगा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा के अलावा जिला कार्यकारिणी सदस्य अब्दुल कादिर और राजा कुमार, दिलीप कुमार, सुनील कुमार शर्मा, शशि भूषण प्रसाद, मोहम्मद नसरुल्लाह, मोहम्मद तारिक जफर, सुधांशु शेखर, सत्यम कुमार झा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

डीईओ से मिला शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में संघ का प्रतिनिधिमंडल जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं से पदाधिकारी को अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से नगर निगम और आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों के शहरी परिवहन भत्ता, आवास भत्ता और बकाया अंतर वेतन भुगतान से संबंधित सूची भी अपडेट के लिए विभाग को सौंपी गई।

संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि कई शिक्षकों से जुड़ी भुगतान और सेवा संबंधी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। ऐसे में सूची को अपडेट कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने से पात्र शिक्षकों को उनका लाभ मिल सकेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा, जिला कार्यकारिणी सदस्य अब्दुल कादिर के साथ मनोज प्रसाद यादव, प्रीतम कुणाल, आशीष कुमार, विपिन कुमार और सुनील कुमार सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।

पूरे जिले में चल रहा सदस्यता अभियान

बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि BSTWA की ओर से पूरे जिले में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान को शिक्षकों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है और बड़ी संख्या में शिक्षक संघ से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि BSTWA शिक्षक हित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने और समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है।

प्रदेश अध्यक्ष ने जिले के सभी शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में संघ की सदस्यता ग्रहण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक जब संगठित होकर अपनी समस्याओं को विभाग के समक्ष रखते हैं तो उनके समाधान के लिए प्रभावी तरीके से पहल की जा सकती है।

संघ ने दोहराया कि शिक्षकों के सेवा संबंधी मामलों, भुगतान, भत्ते और अन्य समस्याओं को संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष उठाकर समाधान कराने का प्रयास जारी रहेगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *