भागलपुर। तीखी धूप और उमस से परेशान लोगों को रविवार दोपहर बाद मौसम बदलने से राहत मिली। आसमान में काले-घने बादल छाने के बाद शहर और ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और वातावरण में ठंडक घुल गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भागलपुर केंद्र के अनुसार रविवार को जिले में 17.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसमी सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके और मजबूत होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 21 सितंबर को इसके डिप्रेशन में बदलने और 22 सितंबर तक डीप डिप्रेशन बनने के आसार हैं। इसके बाद सिस्टम के उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से बिहार और पूर्वी भारत में नमी का प्रवाह बढ़ सकता है।

24-25 सितंबर को भागलपुर में व्यापक बारिश के आसार

मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर के अनुसार सिस्टम के प्रभाव से 23 सितंबर से बादलों की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 23 से 25 सितंबर के बीच गरज-चमक और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

24 और 25 सितंबर को भागलपुर सहित आसपास के जिलों में बारिश की गतिविधियां ज्यादा व्यापक रहने का अनुमान है।

बारिश के बाद मानसून की विदाई की प्रक्रिया

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 26 सितंबर के बाद सिस्टम का प्रभाव कमजोर होने पर बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। इसके बाद वातावरण में नमी घटने और पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।

सामान्य मानसून कैलेंडर के अनुसार 30 सितंबर के आसपास बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। हालांकि, मानसून की वास्तविक वापसी मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *