नवगछिया की नाबालिग को राजस्थान ले जाकर दो लाख में बेचने का आरोप, शादी के आरोपी को पुलिस ने दबोचा
नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाने और दो लाख रुपये में बेचकर शादी कराने का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में नवगछिया पुलिस ने राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ से नाबालिग को बरामद कर लिया है। वहीं, शादी करने के आरोपी मनफूल गोदारा (34) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
मामला जुलाई महीने का बताया जा रहा है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के कलंदीनगर निवासी पारसमणि देवी पर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाने और उसे बेचने का आरोप है। आरोप के अनुसार, महिला लड़की को राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ लेकर गई थी। वहां एक होटल में लड़की को रखने के बाद उसे मनफूल गोदारा, पिता सोहन लाल गोदारा, को दो लाख रुपये में सौंप दिया गया। इसके बाद आरोपी ने नाबालिग से शादी कर ली।
पिता की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
नाबालिग के पिता की शिकायत पर गोपालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने छापेमारी शुरू की और तकनीकी समेत अन्य पहलुओं पर जांच की। जांच के दौरान मामले के अनुसंधानकर्ता मोहम्मद नसीम अंसारी राजस्थान के श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। वहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बरामद किया और शादी करने के आरोपी मनफूल गोदारा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका संपर्क पड़ोस की एक महिला के माध्यम से हुआ था। इसके बाद नाबालिग को बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ लाया गया। आरोपी ने बताया कि उसने होटल में महिला को दो लाख रुपये दिए और लड़की से शादी कर ली।
कई लड़कियों को दूसरे राज्यों में ले जाने का आरोप
नाबालिग के पिता ने पारसमणि देवी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह पहले भी रुपये लेकर कई लड़कियों की दूसरे राज्यों में शादी करा चुकी है। उन्होंने इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका भी जताई है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर, रंगरा और नवगछिया क्षेत्र में शादी के नाम पर लड़कियों को दूसरे राज्यों में ले जाने से जुड़े मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। ऐसे मामलों में गरीब परिवारों और नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जाती रही है।
अन्य लोगों की भूमिका की भी हो रही जांच
गोपालपुर थाना प्रभारी रविशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी जाएगी।
पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि नाबालिग को राजस्थान ले जाने और कथित तौर पर रुपये लेकर शादी कराने के मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
