नारायणपुर: रेलवे स्टेशन पर कामाख्या से राजेंद्र नगर टर्मिनल पटना तक जाने वाली ट्रेन से यात्रियों द्वारा रंगे हाथ दबोचे गये मोबाइल चोर नारायणपुर के छोटी मस्जिद टोला निवासी मो राजू को देर रात 11.30 बजे नारायणपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार के पास अज्ञात अपराधियों ने पुलिस पर हमलाबोल कर पुलिस के कब्जे से छुड़ा कर ले भागे हैं. एका एक 15 से 20 की संख्या में आ जुटे अपराधियों ने पुलिस की मोटरसाइकिल पर पथराव करना शुरू कर दिया. पत्थर लगने से चोटिल हुए पुलिस कर्मी जैसे ही आरोपी के पास से हटे वैसे ही अपराधियों ने मो राजू को अपने कब्जे में ले कर फरार हो गये. इस घटना में बिहपुर राजकीय रेल थाना के थानेदार रसबिहारी सिंह चोटिल हो गये हैं. उनके नाक पर चोट लगी है. सुबह होते ही नारायणपुर रेलवे स्टेशन पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो गया था. सुबह सूचना मिलते ही मौके पर रेल के डीएसपी कटिहार एसके दास, इंस्पेक्टर अमर विश्वास, मानसी राजकीय रेल थाना के थानाध्यक्ष विवेकानंद प्रसाद, नवगछिया रेल थाना के थानाध्यक्ष भोला महतो दल बल के साथ नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच चुके थे. पुलिस पदाधिकारियों ने घटना की सघन छानबीन की है और चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले कर पूछ ताछ कर रही है. पुलिस के वरीय पदाधिकारियों ने कहा है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. इधर पुलिस मो राजू के घर पर भी गयी लेकिन मो राजू अपने घर से फरार हो चुका था.
ये है पूरा मामला
कामाख्या से राजेंद्र नगर टर्मिनल पटना तक जाने वाली कैपिटल एक्सप्रेस ट्रेन जब बिहपुर से खुली तो चोर का एक गिरोह हरकत में आ गया. जब ट्रेन नारायणपुर स्टेशन पर पहुंचने वाली थी तो इसी दौड़ान एक यात्री का मोबाइल एक चोर झपट कर भाग रहा था. उक्त यात्री ने तुरंत हल्ला करना शुरू कर दिया और चोर ट्रेन से कूद नहीं पाया. बॉगी के अन्य यात्रियों ने उसे दबोच लिया और उससे मोबाइल ले लिया. चंद मिनट में ही नारायणपुर में ट्रेन रुकी तो यात्रियों ने पुलिस से संपर्क किया और पकड़े गये आरोपी मो राजू को नारायणपुर स्टेशन पर प्रतिनियुक्त रेल पुलिस हवलदार लक्ष्मी सिंह और दो सिपाहियों के हवाले कर दिया.

पूरी छान बीन और पूछ ताछ के बाद लक्ष्मी सिंह ने चोर को गिरफ्तार कर लिये जाने की सूचना बिहपुर जीआरपी थानाध्यक्ष को दी. जीआरपी थानाध्यक्ष एक सिपाही के साथ मोटरसाइकिल से रात ग्यारह बजे नारायणपुर स्टेशन पहुंचे. इसके बाद करीब 11.30 में मोटरसाइकिल से ही आरोपी को रेल थानाध्यक्ष बिहपुर राजकीय रेल थाना ले कर जा रहे थे. पूर्वी केबिन समपार के पास करीब 15 से 20 की संख्या में अपराधियों ने थानाध्यक्ष की मोटरसाइकिल को पूरी तरह से घर लिया और पत्थरबाजी शुरू कर दी. इसके बाद थानाध्यक्ष और एक सिपाही पूरी तरह से सुरक्षात्मक मुद्रा में आ गये और अपराधियों ने आरोपी मो राजू को वहां से ले कर भाग गये.
इंस्पेक्टर और डीएसपी दिन भर करते रहे कैंप
रेलवे कटिहार के डीएसपी एसके दास और रेलवे पुलिस इंस्पेक्टर अमर विश्वास दिन भर नारायणपुर स्टेशन पर कैंप करते रहे. पुलिस पदाधिकारियों का कहना है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जायेगी और सभी अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जायेगा


